रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में इन दिनों 138 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। हाथियों के लगातार बदलते मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। सबसे बड़ा झुंड क्रोंधा वन परिसर में सक्रिय है, जहां 47 हाथी विचरण कर रहे हैं। विभाग अब पारंपरिक गश्त के साथ थर्मल ड्रोन कैमरों की मदद से दिन-रात हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
धरमजयगढ़ वन मंडल में कहां कितने हाथी?
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वन मंडल में मौजूद 138 हाथियों में 42 नर, 67 मादा और 29 शावक शामिल हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में हाथियों के झुंड की स्थिति इस प्रकार है:
- क्रोंधा परिसर में 47 हाथी
- लैलूंगा रेंज के तिलाईदरहा में 32 हाथी
- आमगांव में 24 हाथी
- रैरूमा क्षेत्र में 18 हाथी
- अन्य क्षेत्रों में 17 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं।
थर्मल ड्रोन से दिन-रात निगरानी
हाथियों की बड़ी संख्या और उनके लगातार बदलते ठिकानों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। जंगल और आसपास के इलाकों में थर्मल ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनकी मदद से रात के अंधेरे में भी हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
ग्रामीणों को सतर्क कर रही वन विभाग की टीमें
प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग के कर्मचारी और हाथी मित्र दल लगातार सक्रिय हैं। टीमें गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी और उनके मूवमेंट की जानकारी दे रही हैं।
ग्रामीणों को हाथियों के करीब नहीं जाने, झुंड को घेरने या छेड़ने से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग का प्रयास है कि हाथियों की आवाजाही के दौरान जनहानि की आशंका को कम किया जाए और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।