कबरा हाथी का वीडियो बनाने या ड्रोन उड़ाने पर होगी कार्रवाई, वन विभाग की चेतावनी

अंबिकापुर: सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए हाथियों के करीब जाकर फोटो और वीडियो बनाने या उनके ऊपर ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ वन विभाग सख्त कार्रवाई कर सकता है। विभाग ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके स्वाभाविक विचरण में बाधा नहीं डालने की अपील की है।

वन विभाग के मुताबिक, रेडियो कॉलर लगाया गया कबरा हाथी अब उदयपुर के दौलतपुर के पास जंगल में 17 हाथियों के दल के करीब पहुंच गया है। उसकी मौजूदगी की निगरानी सैटेलाइट और वीएचएफ तकनीक से की जा रही है।

वन अधिकारियों के अनुसार, कॉलर लगाने के बाद शुरुआती 24 घंटे तक हाथी की गतिविधियां कुछ कम थीं। अब वह झुंड से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। अधिकारियों का मानना है कि उसका व्यवहार सामान्य है और वह धीरे-धीरे झुंड का हिस्सा बन रहा है। दल में छोटे हाथी भी हैं, इसलिए झुंड की गतिविधियां उनके मुताबिक होती हैं।

भीड़ और ड्रोन से भड़क सकते हैं हाथी

सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में कबरा हाथी से जुड़ी जनहानि की घटनाओं को देखते हुए विशेषज्ञों की मदद से उसके गले में रेडियो कॉलर लगाया गया है। इससे उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिल रही है।

वन विभाग के सामने अब नई चुनौती लोगों की भीड़ है। कुछ लोग हाथियों के करीब जाकर मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें बना रहे हैं। वहीं, ड्रोन उड़ाकर भी उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने चेताया है कि इससे हाथी उत्तेजित और आक्रामक हो सकते हैं। उनके नजदीक जाना या उन्हें खदेड़ने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।

मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा ने कहा कि कबरा हाथी का व्यवहार फिलहाल सामान्य है और वह झुंड के काफी करीब है। उन्होंने लोगों से मोबाइल से फोटो-वीडियो बनाने और हाथियों के ऊपर ड्रोन उड़ाने से बचने की अपील की है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।