नारायणपुर/कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के कोण्डागांव और बस्तर जिले में 28 करोड़ रुपये से अधिक के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें कोण्डागांव जिले के 10 कार्यों पर 10.31 करोड़ और बस्तर जिले के दो कार्यों पर 16.80 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे।
मंत्री कश्यप ने कहा कि गांव-गांव तक सड़क, पुल, शिक्षा और बिजली जैसी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। नक्सलवाद का प्रभाव कम होने के बाद बस्तर में विकास कार्यों को गति मिली है।
नारंगी नदी पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल
बस्तर जिले के छोटे आमाबाल में भानपुरी-मुण्डागांव-नारायणपाल मार्ग पर नारंगी नदी में 10.44 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। इसके निर्माण से बारिश के दौरान आवागमन की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। वहीं, नवा रतेंगा परिपातपारा से बड़े बदरेंगा तक साढ़े पांच किलोमीटर सड़क पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी।
किसानों ने धान की बालियां भेंट कीं
ग्राम बड़े आमाबाल में किसानों ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी और 13,879 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता के फैसले पर खुशी जताई। किसानों ने मंत्री केदार कश्यप को धान की बालियां भेंटकर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली।
युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ली
कोण्डागांव जिले के ग्राम हड़ेली में बड़ी संख्या में युवाओं ने मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री ने उनका स्वागत करते हुए युवाओं से जनसेवा और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।