जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र में 9 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से तीन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को विधायक गोमती साय और जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने इन सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के बनने से कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का ग्रामीणों ने आदिवासी कर्मा नृत्य के साथ स्वागत किया। विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
तीन सड़कों पर खर्च होंगे 9.32 करोड़
पहली सड़क सेमरकछार भट्टीटोली से लपई पहुंच मार्ग है। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 2 करोड़ 69 लाख रुपये खर्च होंगे।
दूसरी सड़क बाम्हनमुंडा पहुंच मार्ग है। लगभग दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए 2 करोड़ 36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, तीसरी सड़क गेडरटोली-जामुंडा-कटंगखार पहुंच मार्ग है। करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। इन सड़कों से ग्रामीणों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।