कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राज राजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि कलार समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में कलचुरी वंश का शासन रहा। आज कलार समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित कई क्षेत्रों में योगदान दे रहा है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी समाजों से भागीदारी की अपील की।
बस्तर सामाजिक सद्भाव की मिसाल : केदार कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में जनजातीय और कलार समाज सदियों से आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ रहते आए हैं। यहां सामाजिक सद्भाव की परंपरा देखने को मिलती है। उन्होंने इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश की 70 हजार से अधिक मितानिन बहनों को मितानिन दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक लता उसेंडी, नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।