दिल्ली में सजी छत्तीसगढ़ की दुर्लभ धरोहर, 1735 के ताम्रपत्र से लेकर सोने की स्याही वाली पांडुलिपि तक

नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 में लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन में करीब 200 साल पुरानी दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें रानी दुर्गावती युग की स्वर्णाक्षरों वाली पांडुलिपि से लेकर स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा की जेल में तैयार की गई पत्रिका तक शामिल है।

एक हजार वर्गमीटर क्षेत्र में फैले इस पवेलियन में पुरातत्व विभाग ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास, साहित्य और तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जगह दी है।

1858 की ऐतिहासिक पांडुलिपि बनी आकर्षण

प्रदर्शनी में वर्ष 1858 में बाबू रेवाराम कायस्थ द्वारा लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ पांडुलिपि विशेष आकर्षण का केंद्र है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। इसके साथ ही रायपुर के कल्चुरि शासक अमर सिंह देव का वर्ष 1735 का ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। कल्चुरि काल की दुर्लभ औषधीय पांडुलिपियां भी रखी गई हैं, जो उस समय के ज्ञान-विज्ञान और चिकित्सा पद्धति की जानकारी देती हैं।

जेल में लिखी गई थी देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका

पवेलियन में स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा की ऐतिहासिक पत्रिका ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ की मूल प्रति भी प्रदर्शित की गई है। इसे उन्होंने रायपुर जेल में वर्ष 1921-22 के दौरान तैयार किया था। इसे देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है। इसमें उस समय जेल की परिस्थितियों और स्वतंत्रता सेनानियों के साथ किए जाने वाले व्यवहार का उल्लेख मिलता है।

इसके अलावा वर्ष 1913 के आसपास तैयार की गई हस्तलिखित व्यय विवरणिका और मोड़ी लिपि में लिखी राजस्व संबंधी सनद भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।

27 नवंबर तक देख सकेंगे दर्शक

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 27 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान छत्तीसगढ़ की ये दुर्लभ ऐतिहासिक धरोहरें देश-विदेश से आने वाले दर्शकों को प्रदेश के समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक पहचान से रूबरू करा रही हैं।