रायपुर सेंट्रल जेल के 70 कैदियों ने सीखा कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का काम, मिले प्रमाण-पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र दिए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर और 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर व हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण पूरा किया है। इस पहल का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना है।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ का प्रशिक्षण दिया गया।

हुनर से बढ़ेगा आत्मविश्वास

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि बंदियों को हुनरमंद बनाना सुधारात्मक प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है। डिजिटल दौर में कंप्यूटर का ज्ञान रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है। वहीं, ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण महिला बंदियों को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने में मददगार होगा।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे आत्मसम्मान और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान बंदियों को समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ लौटने के नए अवसर देते हैं।

इस मौके पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अतुल सिंह और एनएसडीसी के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल मौजूद रहे।