जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा उदाहरण है। करीब 200 वर्ग किलोमीटर में फैले इस उद्यान में घने जंगल, जलप्रपात, प्राचीन गुफाएं और समृद्ध जैव विविधता मौजूद है। 11 फरवरी 2025 को इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर की अस्थायी सूची में शामिल किया गया था।
22 जुलाई 1982 को राष्ट्रीय उद्यान घोषित हुई कांगेर घाटी का नाम यहां बहने वाली कांगेर नदी पर पड़ा है। इसकी प्रमुख पहचान तीरथगढ़ जलप्रपात और कोटमसर, कैलाश व दंडक की चूना पत्थर की गुफाएं हैं। इन गुफाओं में हजारों वर्षों में बनी चट्टानी संरचनाएं देखने को मिलती हैं।
जैव विविधता की अनमोल विरासत
यूनेस्को के दस्तावेजों के अनुसार यहां वनस्पतियों की 963, स्तनधारियों की 49, पक्षियों की 201, सरीसृपों की 37 और उभयचरों की 16 प्रजातियां दर्ज हैं। पहाड़ी मैना भी इस क्षेत्र की प्रमुख पहचान है।
धुरवा जनजाति की समृद्ध संस्कृति
कांगेर घाटी के आसपास धुरवा जनजाति की बसाहट है। खेती, वनोपज संग्रह और बांस शिल्प इनके जीवन और आजीविका का हिस्सा हैं। लोकगीत, नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और प्रकृति से जुड़ी मान्यताएं इनकी सांस्कृतिक पहचान हैं।
स्थायी विश्व धरोहर का लक्ष्य
भारत में 19 से 25 नवंबर तक विश्व विरासत सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक गौतम पाढ़ीभर के अनुसार, उद्यान को यूनेस्को की स्थायी विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, जैव विविधता का संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।