दंतेवाड़ा में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, मंत्री केदार कश्यप ने आदिवासी विरासत को सहेजने पर दिया जोर

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में रविवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और इतिहास की झलक देखने को मिली। समारोह में वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में कई जनजातीय नायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन उनके योगदान को इतिहास में पर्याप्त जगह नहीं मिली। मंत्री ने 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए आंदोलन और करीब 1,500 लोगों के बलिदान का उल्लेख किया।

कश्यप ने कहा कि जनजातीय नायकों के संघर्ष और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने जिले में पारंपरिक मेला-मड़ई को भव्य रूप देने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली बच्चों को जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने और जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने की बात कही।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भी जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।

समारोह में पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगाई।