दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का रविवार को शुभारंभ हुआ। दंतेवाड़ा के हाईस्कूल खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री और वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। इस दौरान उन्होंने तीरंदाजी और बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं में कुल 1,058 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। ये खिलाड़ी 1 से 4 नवंबर तक आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता रहे हैं।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
उद्घाटन समारोह में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, एकता, सहयोग और आत्मविश्वास की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल पुरस्कार दिलाना ही नहीं, बल्कि उन्हें जीतने योग्य बनाना प्राथमिकता है। युवाओं को खेल के साथ शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं के विकास के लिए डीएमएफ और सीएसआर मद से भी पहल की जा रही है।
जिले में 80 हजार से ज्यादा पंजीयन
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि इस वर्ष जिले में बस्तर ओलंपिक के लिए कुल 80,175 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया। इनमें 28,373 पुरुष और 51,802 महिलाएं शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में वास्तविक रूप से 18,551 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 9,251 पुरुष और 9,300 महिलाएं थीं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।