इंदौर में ‘मिर्जापुर गैंग’ के पांच युवक गिरफ्तार, सड़क पर स्टंट कर बना रहे थे रील

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में सड़क पर बाइक से स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए रील बनाना पांच युवकों को भारी पड़ गया। खुद को ‘मिर्जापुर गैंग’ बताने वाले इन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने थाने में कान पकड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का वादा किया।

पुलिस के मुताबिक, पांचों युवक बाइक के काफिले के साथ सड़क पर स्टंट कर रहे थे। इस दौरान वे फिल्म ‘मिर्जापुर’ के डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बना रहे थे। रील में ‘माफिया’ शब्द भी लिखा गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

वायरल वीडियो से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

खजराना थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे वाहनों के नंबर के आधार पर युवकों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने रात में ही उनके घरों पर दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद अहमद, कुणाल यादव, याहया फारुखी, सरफराज खान और शाहनवाज के रूप में हुई है। ये सभी इंदौर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।

कैमरे के सामने मांगी माफी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थाने में युवकों ने कान पकड़कर माफी मांगी। उन्होंने शपथ ली कि आगे से सड़क पर स्टंट नहीं करेंगे और न ही अपनी हरकतों से दूसरे लोगों की जान जोखिम में डालेंगे।

पुलिस का कहना है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।