रायपुर में नवजातों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, 8 राज्यों तक फैला नेटवर्क; 100 से अधिक बच्चों की बिक्री की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कई अहम खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का संपर्क आठ राज्यों तक फैला था। पुलिस को आशंका है कि आरोपित वर्ष 2024 से अब तक 100 से अधिक बच्चों की खरीद-बिक्री कर चुके हैं। मामले में दिवाकर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है।

SIT की जांच के मुताबिक, आरोपित निःसंतान दंपतियों को ग्राहक बनाने के लिए IVF सेंटरों के कर्मचारियों की मदद लेते थे। आरोप है कि कुछ कर्मचारी पैसों के लालच में निःसंतान दंपतियों की जानकारी आरोपितों तक पहुंचाते थे। इसके बाद बच्चों की व्यवस्था करने के लिए गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाया जाता था।

एक लाख रुपये महीने में किराये पर लिया था अस्पताल

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित महानंद पहले कई निजी अस्पतालों में जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के रूप में काम कर चुका था। अस्पतालों के प्रचार-प्रसार के दौरान उसकी मुलाकात दिवाकर अस्पताल के संचालक डॉ. बीआर दिवाकर से हुई। इसके बाद उसने अस्पताल को एक लाख रुपये मासिक किराये पर लिया था। आरोप है कि इसी अस्पताल का इस्तेमाल डिलीवरी और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार कराने के लिए किया गया।

महिला को मुफ्त इलाज का झांसा देकर बुलाया

मामले का खुलासा सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला की शिकायत और आरोपितों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद हुआ। आरोप है कि रायपुर की कृतिका साहू ने महिला को मुफ्त इलाज और डिलीवरी का भरोसा देकर रायपुर बुलाया था। चार नवंबर को प्रसव के बाद महिला और नवजात को अहिल्या के घर कथित तौर पर बंधक बना लिया गया। इसके बाद महिला की सहमति के बिना बच्चे को बेचने की कोशिश की गई।

छह आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस के अनुसार, अब तक डॉ. खीर सिंधु महानंद समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपितों के मोबाइल से मिले वाट्सएप चैट और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य सहयोगियों और कथित खरीदारों की तलाश में जुटी है।

एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मुताबिक, अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमएचओ को पत्र लिखा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त हुई है। 100 से अधिक बच्चों की बिक्री की आशंका फिलहाल जांच का विषय है।