इंदौर। मध्य प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (AICTSL) ने इंदौर-भोपाल समेत कई शहरों के बीच चलने वाली चार्टर बसों का किराया फिर घटा दिया है। मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन सेवा के तहत संचालित इन बसों में 19 नवंबर से नई दरें लागू कर दी गई हैं। इंदौर से भोपाल का एक तरफ का किराया अब फिर से 495 रुपये हो गया है।
इससे पहले त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नवंबर से 18 नवंबर तक किराया बढ़ाकर 595 रुपये कर दिया गया था। इसके चलते यात्रियों को पहले की तुलना में 100 रुपये अधिक चुकाने पड़ रहे थे। त्योहारों का सीजन खत्म होने और यात्रियों की संख्या घटने के बाद कंपनी ने पुरानी दरें बहाल कर दी हैं।
जयपुर-अहमदाबाद समेत अन्य रूट पर भी राहत
AICTSL ने इंदौर-भोपाल के अलावा जयपुर, उदयपुर, अहमदाबाद, खरगोन, झाबुआ, धार, जबलपुर, सतना, पन्ना और चंदेरी सहित अन्य मार्गों पर भी किराये में कटौती की है। त्योहारों के दौरान इन रूटों पर किराया 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ाया गया था। अब यात्रियों को फिर पहले की दरों पर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
त्योहारों में दोगुने हो गए थे यात्री
AICTSL के बस ऑपरेशन हेड के अनुसार, सामान्य दिनों में इंदौर से संचालित इंटरसिटी और इंटरस्टेट बसों में रोजाना औसतन करीब 8 हजार यात्री सफर करते हैं। त्योहारों के दौरान यह संख्या बढ़कर लगभग 16 हजार तक पहुंच गई थी। दीपावली के समय बसों में 90 से 95 प्रतिशत तक सीटें भरी हुई थीं, जबकि सामान्य दिनों में सीटों की उपलब्धता के मुकाबले 50 से 55 प्रतिशत तक यात्री ही सफर करते हैं।
किराये में दोबारा कटौती से इंदौर और भोपाल के बीच नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ दूसरे शहरों में जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।