ग्वालियर। ट्रेन से सफर के दौरान यात्री का सामान छूट जाने पर रेलवे की 139 हेल्पलाइन मददगार साबित हुई। हैदराबाद से झांसी तक यात्रा कर रही शिवानी पांडे का ट्रॉली बैग ट्रेन में छूट गया था। शिकायत मिलने के बाद ग्वालियर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बैग बरामद कर सुरक्षित रख लिया और जांच के बाद महिला को वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवानी पांडे ट्रेन संख्या 12707 के कोच B-4 की बर्थ नंबर 3 पर यात्रा कर रही थीं। झांसी स्टेशन पर उतरते समय उनका ट्रॉली बैग कोच में ही छूट गया। ट्रेन से उतरने के बाद बैग की याद आने पर उन्होंने रेलवे की 139 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही RPF ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद झांसी मंडल के नियंत्रण कक्ष ने ग्वालियर RPF को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्वालियर RPF की टीम ने ट्रेन को अटेंड किया और कोच की जांच के दौरान बैग बरामद कर लिया। बैग को सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट पर रखवा दिया गया।
बाद में शिवानी पांडे ग्वालियर RPF पोस्ट पहुंचीं। यहां उनसे पूछताछ की गई और यात्रा टिकट व पहचान पत्र की जांच की गई। पहचान की पुष्टि होने के बाद करीब पांच हजार रुपये कीमत का ट्रॉली बैग उन्हें सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई उप निरीक्षक अवतार सिंह ने महिला आरक्षक सोनम राठौर की मौजूदगी में पूरी की। रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, यात्रियों के छूटे हुए सामान को सुरक्षित बरामद कर उन्हें लौटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इससे पहले भी एक यात्री का बैग वापस किया गया था।