रायपुर। छत्तीसगढ़ में बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह के 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिन चली जांच में बड़े वित्तीय लेन-देन और निवेश से जुड़े मामले सामने आए हैं। जांच का दायरा अब बर्बरिक समूह की प्रस्तावित IPO योजना और पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपये के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके तक पहुंच गया है। विभाग को शुरुआती जांच में करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के संकेत मिले हैं।
आयकर विभाग की कार्रवाई बुधवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के पांच जिलों में शुरू हुई थी, जो शुक्रवार देर रात तक चली। जांच के दौरान अधिकारियों ने समूह से जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, निवेश और कारोबारी लेन-देन की पड़ताल की। बर्बरिक समूह की IPO योजना से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।
14 करोड़ नकद और 20 करोड़ के आभूषण मिले
कार्रवाई के दौरान करीब 14 करोड़ रुपये नकद और लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। मुंबई और अहमदाबाद से पहुंचे विशेषज्ञों ने आभूषणों का मूल्यांकन किया है। वहीं, बिलासपुर में गौरव अग्रवाल के ठिकानों से 1,000 करोड़ रुपये के बोगस बिल मिलने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
18 से ज्यादा बैंक लॉकरों की होगी जांच
जांच के दौरान बिलासपुर, रायगढ़ और अन्य स्थानों पर कई फर्मों के दस्तावेज खंगाले गए। इनमें महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, 18 से अधिक बैंक लॉकरों की तलाशी बाकी है। सोमवार से इन्हें खोलने की प्रक्रिया शुरू होनी है। फिलहाल 225 करोड़ रुपये की गड़बड़ी का आंकड़ा प्रारंभिक आकलन है। डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अघोषित आय और संभावित कर चोरी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।