छत्तीसगढ़ में 41 दिन बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, CM साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है। इससे प्रदेश में लंबे समय से प्रभावित राजस्व कार्यों के दोबारा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने संघ की चार सूत्रीय मांगों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे।

इसके अलावा वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मामलों के समाधान के लिए तत्काल कमेटी गठित करने की बात भी कही गई। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।

बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, महामंत्री सतीश चंद्राकर समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

गौरतलब है कि पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रदेश में जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी जैसे राजस्व कार्य प्रभावित हुए थे। वहीं, आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन नहीं मिलने से आम नागरिकों और विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। अब पटवारियों के काम पर लौटने से लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आने की उम्मीद है।