ई-वे बिल के मामले में ट्रक छोड़ने और GST प्रकरण में राहत देने के बदले मांगी गई थी रिश्वत। ACB की 18 सदस्यीय टीम ने दबिश देकर नाली से रकम बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में स्टेट GST की सहायक आयुक्त अंचला गिरी और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) इमरान मेमन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ई-वे बिल के मामले में रोके गए ट्रक को छोड़ने और GST प्रकरण में राहत देने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शनिवार को ACB की टीम ने अधिकारी के निवास पर दबिश दी। टीम को देखते ही रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी गई, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।
ट्रक छोड़ने और राहत देने के बदले मांगी थी रिश्वत
ACB के अनुसार, संजय नगर निवासी कबाड़ी कारोबारी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि ई-वे बिल से जुड़े मामले में उनका ट्रक रोका गया था। वाहन छुड़ाने और GST प्रकरण में राहत दिलाने के एवज में सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाने का फैसला किया। ACB ने शिकायत में दिए गए साक्ष्यों का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
ACB की टीम को देखकर नाली में फेंके नोट
शनिवार, 21 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने आदर्श नगर स्थित अंचला गिरी के निवास पर दबिश दी। ACB के मुताबिक, टीम को देखते ही अधिकारी ने रिश्वत के नोटों का बंडल घर के बाहर नाली में फेंक दिया।
हालांकि, टीम ने नाली से डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए और अंचला गिरी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कथित मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले संजय नगर निवासी 30 वर्षीय CA इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि सहायक आयुक्त अंचला गिरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और CA इमरान मेमन के खिलाफ धारा 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी के बाद अधिकारी की संपत्ति की भी जांच शुरू की गई है। ACB मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आय से अधिक संपत्ति के पहलुओं की पड़ताल कर रही है।