पत्नी की मौत और बीमारी से परेशान था युवक, भगवान बजरंगबली को माना जिम्मेदार; नशे में तोड़ी मूर्ति

जांजगीर। जिले के नरियरा गांव में भगवान बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने के मामले में मुलमुला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पूर्व पत्नी की मौत और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान था। वह अपनी परिस्थितियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में उसने शराब के नशे में मूर्ति तोड़ दी।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई थी। धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इसके आधार पर पुलिस ने छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी नरियरा की पहचान की। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में बताई मूर्ति तोड़ने की वजह

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भगवान बजरंगबली का भक्त था। लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होने के बाद उसकी आस्था प्रभावित हुई। वह अपनी परेशानियों के लिए भगवान को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी नाराजगी में शराब के नशे में उसने मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया।

आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।