छत्तीसगढ़ में अकवान तूफान का असर, 9 डिग्री गिरा पारा; भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अकवान तूफान का असर, 9 डिग्री गिरा पारा; भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

घाटियों में कोहरा, दिन में जलानी पड़ी हेडलाइट

तूफान कमजोर पड़ने के बावजूद इससे जुड़ा मौसमी सिस्टम वातावरण में नमी बनाए हुए है। शनिवार सुबह गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोंडागांव के केशकाल क्षेत्र में बूंदाबांदी के साथ घनी धुंध छाई रही। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।

रायपुर में 9 डिग्री गिरा तापमान

शुक्रवार को हुई बारिश के चलते राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शहर में 11.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 12.6 डिग्री रहा, जबकि अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को रायपुर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।

धान की फसल पर मंडराया संकट

बेमौसम बारिश से कोरबा, पेंड्रा समेत कई जिलों के किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों में धान कटाई और मिसाई का काम चल रहा है। ऐसे में खेत-खलिहानों में खुले में रखी कटी फसल के भीगने का खतरा है। किसान तिरपाल से उपज बचाने में जुटे हैं। वहीं, तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसल गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

15 नवंबर से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी भी प्रभावित हो सकती है। खुले खरीदी केंद्रों में रखी धान की बोरियां भीगने और नमी बढ़ने से तौल व गुणवत्ता जांच में परेशानी आ सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है।

10 शहरों का अनुमानित तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
रायपुर 25° 19°
बिलासपुर 23° 18°
दुर्ग 24° 19°
अंबिकापुर 25° 16°
जगदलपुर 26° 19°
कोरबा 24° 19°
धमतरी 24° 18°
राजनांदगांव 26° 18°
गरियाबंद 25° 19°
बलरामपुर 22° 18°