रायपुर-मुंबई फ्लाइट में सोनू निगम का सरप्राइज कॉन्सर्ट, यात्रियों की फरमाइश पर गाए ‘बिजुरिया’ और ‘कल हो ना हो’

रायपुर। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार को उस वक्त म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा माहौल बन गया, जब मशहूर बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने यात्रियों की फरमाइश पर अपने सुपरहिट गाने सुनाए। विमान में सोनू निगम को अपने बीच देखकर यात्री उत्साहित हो गए और उनसे गाने की गुजारिश करने लगे।

सोनू निगम ने भी अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया। उन्होंने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गाने गाकर हवाई सफर को यादगार बना दिया। उनकी सुरीली आवाज सुनकर यात्री झूम उठे। कई यात्रियों ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया और उनके साथ सेल्फी भी ली।

इस अनोखे हवाई सफर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग वीडियो पर दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और फ्लाइट में मौजूद यात्रियों को खुशकिस्मत बता रहे हैं।

एम्स रायपुर के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे सोनू निगम

सोनू निगम 19 नवंबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर के वार्षिक उत्सव ‘ओरियाना फेस्ट’ के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद शुक्रवार, 20 नवंबर को वे इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान सहयात्रियों को उनके साथ सफर करने और उनके गाने लाइव सुनने का खास मौका मिल गया।

तीन दशक से संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं सोनू निगम

सोनू निगम तीन दशक से अधिक समय से भारतीय संगीत जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों में रोमांटिक, देशभक्ति और भक्ति संगीत समेत कई विधाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। ‘कल हो ना हो’, ‘संदेशे आते हैं’, ‘ये दिल दीवाना’, ‘अभी मुझ में कहीं’ और ‘बिजुरिया’ उनके लोकप्रिय गीतों में शामिल हैं।

संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2022 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा था।