बैंक की लापरवाही पर ग्राहकों को मिल सकता है 30 लाख तक मुआवजा, जानिए शिकायत दर्ज करने का तरीका

रायपुर। बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी या बैंक की लापरवाही के कारण ग्राहकों को आर्थिक नुकसान होता है, तो उन्हें 30 लाख रुपये तक मुआवजा मिल सकता है। इसके अलावा समय की बर्बादी और मानसिक परेशानी के लिए तीन लाख रुपये तक मुआवजे का प्रावधान है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के लोकपाल मोहन रावत ने रायपुर में आयोजित ग्राहक सेवा एवं शिकायत निराकरण बैठक में यह जानकारी दी।

शहर के एक होटल में आयोजित इस बैठक में आरबीआई लोकपाल ने बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी शिकायतों, उनके निराकरण और ग्राहकों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था में ग्राहक संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैंकों को ग्राहकों की शिकायतों का समय पर और उचित तरीके से समाधान करना चाहिए।

बैंक से समाधान नहीं मिले तो आरबीआई में करें शिकायत

लोकपाल मोहन रावत ने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए ग्राहक को सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित शिकायत देनी चाहिए।

यदि बैंक 30 दिनों के भीतर शिकायत का समाधान नहीं करता है या ग्राहक बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं है, तो वह आरबीआई लोकपाल के पास निशुल्क शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके लिए ग्राहक हेल्पलाइन नंबर 14448 की मदद भी ले सकते हैं।

पेंशनरों ने उठाई डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की समस्या

बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में आ रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि बैंक शाखाओं में बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जाए और प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने ग्राहकों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए आरबीआई की इस पहल की सराहना की। बैठक में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।