रायपुर रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने जताई दुष्कर्म की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की बच्ची की आंबेडकर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। परिजनों की मांग पर बच्ची का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मौत के कारणों और परिजनों की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्ची का इलाज शुरू किया, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों ने जताया संदेह

अस्पताल सूत्रों और पुलिस के अनुसार, बच्ची की मौत के तुरंत बाद परिजनों ने किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया था। अस्पताल की आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद बच्ची की मां और अन्य परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए और दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

परिजनों की आशंका के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों और दुष्कर्म की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।