रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अर्थ इंडिया रिसोर्सेज लिमिटेड (AIRL) राज्य में 10 हजार मीट्रिक टन वार्षिक उत्पादन क्षमता वाली रेयर अर्थ मैग्नेट मैन्युफैक्चरिंग एवं रिसाइक्लिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना के लिए 19 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और कंपनी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग-3 : इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ के दौरान हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश, तकनीकी विकास और नवाचार की संभावनाओं को बढ़ावा देना था।
रिसर्च लैब और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनेगा
प्रस्तावित परियोजना के तहत कंपनी अत्याधुनिक अनुसंधान प्रयोगशाला और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना भी करेगी। इससे क्रिटिकल मिनरल के शोधन, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के साथ रेयर अर्थ मैग्नेट के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा खनन अपशिष्ट के बेहतर उपयोग और डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
फिलहाल AIRL की उत्पादन क्षमता 120 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है। कंपनी इसे बढ़ाकर 10 हजार मीट्रिक टन सालाना करने की योजना पर काम करेगी। इससे राज्य में रेयर अर्थ मैग्नेट निर्माण के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंपनी के प्रतिनिधियों से चर्चा कर परियोजना के क्रियान्वयन में आने वाली संभावित चुनौतियों को दूर करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और नवा अंजोर के लक्ष्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार निवेशकों को प्रोत्साहित करने और औद्योगिक विकास का अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।