बेड़मा के जंगलों में नक्सल डंप बरामद, सुरक्षाबलों को मिला 29.65 किलो विस्फोटक मिश्रण

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर थाना पुंगारपाल क्षेत्र के बेड़मा गांव के जंगलों में दो अलग-अलग स्थानों से विस्फोटक सामग्री और नक्सली सामान बरामद किया गया। 19 नवंबर को चलाए गए इस अभियान में पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

हैंड ग्रेनेड और जिलेटिन रॉड समेत सामग्री बरामद

अभियान में नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम शामिल रही। तलाशी के दौरान एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, करीब 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और 11 बैटरी सेट मिले। इसके अलावा 14 छोटे-बड़े टिफिन, सल्फर, सोडियम नाइट्रेट और अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

29.65 किलो विस्फोटक मिश्रण मिला

पुलिस के अनुसार, तीन टिफिन में छिपाकर रखा गया कुल 29.65 किलोग्राम विस्फोटक मिश्रण बरामद किया गया। मौके से वॉकी-टॉकी चार्जर, मल्टीमीटर, सिरिंज, रस्सी, औजार, जूते-चप्पल और अन्य सामान भी मिला है।

संयुक्त टीम ने चलाया सर्च अभियान

कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा और कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व डीएसपी (ऑप्स) सिद्धार्थ बघेल ने किया। सुरक्षाबलों ने जंगल में घेराबंदी कर तलाशी और डी-माइनिंग की कार्रवाई सुरक्षित तरीके से पूरी की।