बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। 19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है और पटवारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा, लेकिन पहले उन्हें अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी।
किसानों के हितों का रखें ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को काम पर लौटकर जनता की सेवा करनी चाहिए। पटवारी भी किसान परिवारों से आते हैं और उन्हें किसानों की परेशानियों को समझना चाहिए। धान खरीदी के दौरान किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों की जरूरत होती है। ऐसे में पटवारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी विचार
सीएम साय ने कहा कि पटवारी पहले काम पर लौटें और सरकार के साथ बातचीत करें। उनकी उचित मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
आंदोलन खत्म होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री के बयान को पटवारी आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। सरकार ने जहां बातचीत का भरोसा दिया है, वहीं पटवारियों से किसानों और आम जनता के हित में काम पर लौटने की अपील की है। अब सबकी नजर पटवारी संगठन के अगले फैसले पर है।