नेशनल हाईवे-30 पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो सवार दो महिलाओं की मौत; 8 साल की बच्ची समेत 6 घायल

फरसगांव: छत्तीसगढ़ के फरसगांव में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आवाराभाटा के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 8 साल की बच्ची समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण बहीगांव के साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर ऑटो में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मस्सुकोकोड़ा और आवाराभाटा के बीच शाम करीब 6 बजे एक अज्ञात कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार लोग घायल हो गए।

दो महिलाओं की मौके पर मौत

हादसे में रूपी बाई और प्रमिला मरकाम (पति रामलाल) की मौत हो गई। वहीं घायलों में रामलाल मरकाम, उनकी 8 वर्षीय बेटी पम्मी मरकाम, जयलू नेताम, अमाय बाई, राजमा नेताम और चरको बाई शामिल हैं। ऑटो चालक को भी मामूली चोट आई है।

तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया

घटना में गंभीर रूप से घायल अमाय बाई, राजमा बाई और चरको बाई को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है।

अज्ञात कार चालक की तलाश में पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। दोनों मृत महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।