महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक ट्रक से 77 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, ट्रक और मोबाइल फोन समेत कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
रेहटीखोल के पास पकड़ा गया ट्रक
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजा भरकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने ग्राम रेहटीखोल के पास एनएच-53 पर नाकेबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध आयशर माजदा ट्रक (MH 45 AE 9708) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के डाले में रखी तीन बोरियों से 77.620 किलो गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा के सोनपुर से गांजा लेकर महाराष्ट्र के शोलापुर जाने की बात बताई।
48.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 38 लाख 81 हजार रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक की कीमत 10 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत 14 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 48 लाख 95 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।
महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश शिंदे (35), निवासी शोलापुर और रविराज बालू सुडके (19), निवासी सांगली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) में मामला दर्ज किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजे के सप्लायर और महाराष्ट्र में इसे लेने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाना और इसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचना है।