रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अहिल्या नामदेव, दीपिका नाग और कृतिका साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 कथित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। मामले में दो अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य महिलाओं को बच्चा दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर खरीद-फरोख्त का नेटवर्क चला रहे थे। इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने की आशंका है।
ओडिशा की महिला को दिया बच्चा दिलाने का झांसा
जांच में सामने आया है कि आरोपी कृतिका साहू ने ओडिशा की एक महिला को बच्चा दिलाने का झांसा दिया था। महिला को रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रखा गया था। आरोप है कि कृतिका ने महिला के प्रसव का खर्च भी उठाया था। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।
20 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद
पुलिस को कृतिका के पास कई बच्चों की तस्वीरें भी मिली हैं। इसके अलावा 20 कथित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए गए हैं। आशंका है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल बच्चों की पहचान और जन्म से जुड़ी जानकारी में हेरफेर करने के लिए किया गया।
दो अस्पतालों की भूमिका की जांच
पुलिस दो अस्पतालों के प्रसव संबंधी रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित नेटवर्क में और कौन शामिल है और अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई है।