मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला जिले के खडगांव थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला पर अपने पति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान कारजू राम पुरामे (30) और आरोपी की पहचान मालती पुरामे (27) के रूप में हुई है। दंपती के तीन छोटे बच्चे हैं।
पुलिस के मुताबिक, सिवनी बाजोपारा गांव में रहने वाले कारजू राम पर शराब पीकर आए दिन पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करने का आरोप है। बताया गया है कि घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद कारजू राम नशे की हालत में सो गया।
आरोप है कि इसी दौरान मालती ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर हमला कर दिया। उसके चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खाट पर मिला खून से लथपथ शव
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की मां जांगय बाई अपनी बेटी और दामाद के साथ घर पहुंचीं। वहां कारजू राम परछी में खाट पर मृत मिला। आसपास खून फैला हुआ था और खाट के नीचे खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी थी। परिजनों ने इसकी सूचना खडगांव पुलिस को दी।
थाना प्रभारी सुशील कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी जब्त की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने अपराध स्वीकार किया है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस घटना से दंपती के तीन छोटे बच्चों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद उनके भविष्य और देखभाल को लेकर चिंता बढ़ गई है।