विधायक ईश्वर साहू ने लगाए ठुमके, महिला लोक कलाकार के साथ किया डांस; VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में नगर पंचायत मारो के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन समारोह के बाद विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में विधायक महिला लोक कलाकार के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

डिप्टी सीएम अरुण साव की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम

नगर पंचायत मारो में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के लिए समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

अरुण साव के जाने के बाद मंच पर थिरके विधायक

मिली जानकारी के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद मंचीय आयोजन जारी रहा। इसी दौरान विधायक ईश्वर साहू एक महिला लोक कलाकार के साथ डांस करते दिखाई दिए। कार्यक्रम में उनके डांस का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

फिलहाल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इस मामले में विधायक की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।