रायपुर। टीवी निर्माता एकता कपूर ने अपने नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ की कहानी के पीछे की सोच साझा की है। इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ नजर आएंगे। शो की कहानी एक ऐसे सवाल के इर्द-गिर्द बुनी गई है कि क्या एक ही शादी में पति और पत्नी अपनी जिंदगी से अलग-अलग उम्मीदें रख सकते हैं? क्या एक के लिए मौजूदा जिंदगी ही काफी हो सकती है, जबकि दूसरे के मन में कुछ नया करने की चाह बाकी हो?
एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि इसी विचार ने उन्हें शो बनाने के लिए प्रेरित किया। बालाजी टेलीफिल्म्स के इस शो का प्रसारण 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
मानव और जानकी की सोच में दिखेगा अंतर
शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका निभा रहे हैं। जानकी अपने पति के साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में खुश है। उसके लिए दोनों की मिलकर बनाई गई जिंदगी ही पूरी है। दूसरी ओर, मानव के मन में कुछ अधूरे सपने और नई शुरुआत करने की इच्छाएं हैं। वह जिंदगी के इस पड़ाव पर खुद से सवाल करता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है।
एकता कपूर ने समझाई कहानी की सोच
एकता कपूर के मुताबिक, इंसान की जिंदगी में नए अनुभवों का रोमांच और रिश्तों का अपनापन, दोनों जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार स्थिरता सुकून देती है, लेकिन यही जिंदगी कभी-कभी उबाऊ भी लगने लगती है। वहीं, कुछ नया करने की इच्छा उत्साह तो देती है, लेकिन अपनेपन और जुड़ाव की जरूरत भी बनी रहती है।
एकता ने बताया कि वह मानव और जानकी के अलग-अलग नजरिए के जरिए इसी उलझन को पर्दे पर दिखाना चाहती हैं। शो में यह देखने को मिलेगा कि जब एक ही सवाल पर पति-पत्नी की सोच अलग होती है, तो उनके रिश्ते और बातचीत किस तरह बदलते हैं।
‘दिल की बेवफाइयाँ’ में शादी, प्यार, व्यक्तिगत इच्छाओं और रिश्तों में संतुलन जैसे विषयों को पारिवारिक अंदाज में पेश किया जाएगा।