रीवा में 150 करोड़ से बनेगी भैरवनाथ मंदिर तक टू-लेन सड़क, 4 करोड़ के तीन मार्गों का भूमिपूजन

रीवा/भोपाल। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र को सड़क विकास की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने ग्राम पोड़ी में चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों का भूमिपूजन किया। इस दौरान बदवार से भैरवनाथ मंदिर तक करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन सड़क बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने रीवा-सीधी फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द शुरू होने की बात कही।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और विकास गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने की भी बात कही।

गुढ़ क्षेत्र में बनेंगी तीन नई सड़कें

ग्राम पोड़ी में जिन तीन सड़कों का भूमिपूजन किया गया, उनकी कुल लंबाई करीब 4.5 किलोमीटर है। इनमें पोड़ी पहुंच मार्ग की 2.5 किलोमीटर सड़क, गुढ़ रेस्टहाउस से महेंद्र पांडेय के घर तक एक किलोमीटर और बदवार कोलान टोला से काशीनाथ पटेल के घर तक एक किलोमीटर सड़क शामिल है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक नागेंद्र सिंह के प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। भैरवनाथ मंदिर के निर्माण के बाद अब वहां तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क सुविधा विकसित की जाएगी।

भैरवनाथ मंदिर तक पहुंचेगी टू-लेन सड़क

राजेंद्र शुक्ल ने घोषणा की कि बदवार से भैरवनाथ मंदिर तक करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन सड़क बनाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि रीवा से सीधी तक फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द आगे बढ़ेगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

देवलोंद अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

रीवा दौरे के बाद उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ब्यौहारी के देवलोंद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर उपचार मिले और किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।