शहडोल/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव दिवस पर शहडोल जिले के ब्यौहारी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने 357.71 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 10 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने अगले महीने शहडोल में 4,000 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत जनजातीय समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का पूजन किया और जनजातीय समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान के महानायक थे। उन्होंने अपने जीवन में समाज और देश के लिए संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने उनके ‘अपना देश, अपना राज’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने वीर बूदु भगत और मदारा महतो के संघर्ष को भी याद किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 1831 और 1832 में इन जनजातीय नायकों ने अद्वितीय साहस का परिचय दिया था।
सिंचाई और उद्योग पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम हो रहा है। सरकार सिंचाई, बिजली, शिक्षा, रोजगार, परिवहन और पशुपालन के क्षेत्र में योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि धार में करीब 1,400 करोड़ रुपये की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई है। जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए करीब 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में विकास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में खंडवा जिले को भी विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी।