रायपुर में बनेगा सेवा पार्क, जरूरतमंदों के लिए दान कर सकेंगे नागरिक

रायपुर। राजधानी रायपुर में जरूरतमंदों की मदद के लिए जिला प्रशासन सेवा पार्क बनाएगा। यहां नागरिक कपड़े, किताबें, खिलौने और अन्य उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे। यह जानकारी कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव में दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा है। इसे सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

महानायकों को आदर्श बनाएं युवा

मंत्री कश्यप ने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और अमर शहीद गुंडाधुर को अपना आदर्श बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन महानायकों ने अपने साहस और बलिदान से समाज को नई दिशा दी। मानगढ़ की ऐतिहासिक घटना और रानी कमलापति सहित जनजातीय समाज के अन्य वीर नायकों के योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की लोककलाओं, परंपराओं, रीति-रिवाजों और प्राचीन ज्ञान को संरक्षित रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत भी इसी विरासत और महानायकों के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से हुई है।

लोकनृत्य और रंगोली ने मोहा मन

समारोह में कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां दीं। स्कूली बच्चों की आकर्षक रंगोलियों ने अतिथियों का ध्यान खींचा। मंत्री ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है। विधायक पुरंदर मिश्रा और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

सेवा महाकुंभ से आगे बढ़ेगी पहल

कलेक्टर ने बताया कि सेवा महाकुंभ के माध्यम से नागरिक जरूरतमंदों को पुस्तकें, कपड़े, खिलौने और स्टेशनरी दान कर रहे हैं। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए सेवा पार्क बनाया जाएगा। यहां नागरिक महत्वपूर्ण अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे।