सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नए खुले मेगा मार्ट में उद्घाटन के पहले ही दिन खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया। खरीदारी करने पहुंची एक महिला ग्राहक को पास्ता के पैकेट में जीवित कीड़े दिखाई दिए। शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मार्ट में छापा मारकर संदिग्ध स्टॉक जब्त कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, संगीता साहू रात में खरीदारी करने मेगा मार्ट पहुंची थीं। उन्होंने पास्ता का एक पैकेट खरीदा। घर ले जाने से पहले जांच करने पर उन्हें पैकेट के अंदर कीड़े रेंगते दिखाई दिए। उन्होंने इसकी शिकायत काउंटर पर मौजूद कर्मचारी से की। आरोप है कि कर्मचारी ने पैकेट को हटाने के बजाय दूसरी जगह रखकर उसके ऊपर अन्य पैकेट रख दिए।
इससे नाराज संगीता ने फोन पर कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने मार्ट पहुंचकर जांच की। इस दौरान पास्ता के कई पैकेटों में कीड़े मिलने की पुष्टि हुई।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने संदिग्ध पास्ता स्टॉक को सील कर जब्त कर लिया है। जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मार्ट प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।
उद्घाटन के पहले ही दिन सामने आए इस मामले ने खाद्य पदार्थों के भंडारण और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।