CG Voter List 2026: छत्तीसगढ़ में 1.90 करोड़ से ज्यादा मतदाता, ड्राफ्ट सूची जारी; 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावा-आपत्ति

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है। किसी तरह की गलती या नाम छूटने पर 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

ड्राफ्ट सूची के मुताबिक प्रदेश में 95,31,721 महिला और 94,84,635 पुरुष मतदाता हैं। वहीं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 412 है। सूची ऑनलाइन वोटर पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर उपलब्ध है। मतदाता अपने बूथ के BLO से संपर्क करके भी नाम की जांच कर सकते हैं।

प्रदेश में 26,854 मतदान केंद्र

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब 26,854 मतदान केंद्र हैं। इनमें 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

नाम नहीं है तो क्या करें?

ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है। नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल होगा। प्रवासी भारतीयों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A निर्धारित है।

कब आएगी फाइनल वोटर लिस्ट?

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों का निराकरण होगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।