कोरबा: डॉक्टर-इंजीनियर बनाने रायपुर भेजे बच्चे, फीस नहीं मिलने पर ALLEN ने रोकी क्लास; कलेक्ट्रेट पहुंचे अभिभावक

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है। JEE और NEET की तैयारी के लिए DMF फंड से रायपुर के ALLEN इंस्टीट्यूट भेजे गए विद्यार्थियों की क्लास फीस बकाया होने के कारण रोक दी गई है। परेशान अभिभावकों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से फीस का जल्द भुगतान कराने की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, 26 मई 2025 को कोरबा के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग दिलाने के उद्देश्य से रायपुर रवाना किया गया था। योजना के तहत बच्चों को डॉक्टर और इंजीनियर बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जानी थी। हालांकि, संस्थान की फीस समय पर जमा नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

फीस भुगतान नहीं होने से बढ़ी परेशानी

अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर रायपुर भेजा गया था, लेकिन अब फीस बकाया होने से उनकी पढ़ाई रुक गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पूरी फीस जमा कराने की मांग की है। अभिभावकों ने यह भी कहा कि जब तक फीस का भुगतान नहीं होता, वे बच्चों को वापस रायपुर नहीं भेजेंगे।

आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी

अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और चक्काजाम करेंगे।

वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के मुताबिक, ALLEN इंस्टीट्यूट में अब तक 2 लाख रुपये जमा कराए जा चुके हैं। शेष राशि का भुगतान भी जल्द करने की बात कही गई है।