केशकाल: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शांति फाउंडेशन ने मानवीय पहल करते हुए बहीगांव क्षेत्र में दयनीय हालत में भटक रही एक महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। महिला की पहचान रैमती के रूप में हुई है। अब संस्था के पुनर्वास केंद्र में उनके भोजन, कपड़े और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, महिला बहीगांव क्षेत्र में उचित वस्त्रों के बिना केवल बोरी लपेटकर घूम रही थी। स्थानीय निवासी संजय पोया ने महिला की स्थिति देखकर शांति फाउंडेशन को इसकी सूचना दी। इसके बाद संस्था की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
फल और नाश्ता देकर जीता महिला का भरोसा
रेस्क्यू के दौरान महिला टीम के सदस्यों को देखकर घबरा गई और वहां से भागने लगी। ऐसे में टीम ने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य और संवेदनशीलता से काम लिया। सदस्यों ने महिला को फल और स्वल्पाहार देकर सहज करने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद टीम उन्हें सुरक्षित पुनर्वास केंद्र लेकर पहुंची।
वहां पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम रैमती बताया। संस्था की ओर से अब उन्हें भोजन, वस्त्र और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उनकी स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की व्यवस्था करने का भी प्रयास किया जाएगा।
जरूरतमंदों की मदद में जुटी संस्था
शांति फाउंडेशन, कोंडागांव का कहना है कि संस्था मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पारिवारिक उपेक्षा और सामाजिक परिस्थितियों से जूझ रहे असहाय लोगों को सुरक्षित आश्रय और जरूरी सहायता देने की दिशा में काम कर रही है। यह पहल समाज को ऐसे जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील होने और उनकी मदद के लिए आगे आने का संदेश भी देती है।