फरसगांव के दो मंदिरों में 43 हजार की चोरी, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल और औजार बरामद

कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के फरसगांव में दो मंदिरों की दान पेटी तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गायत्री शक्तिपीठ और हनुमान मंदिर से करीब 43 हजार रुपये चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल, नकदी और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर ने गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर दान पेटी से करीब 40 हजार रुपये चुरा लिए थे। इसके बाद हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर करीब 3 हजार रुपये चोरी किए गए। मामले में जगदेव मरकाम की शिकायत पर फरसगांव थाने में केस दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कोंडागांव के नहरपारा निवासी हरेंद्र गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दोनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया।

मोबाइल और चोरी के औजार जब्त

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल, 500 रुपये नकद, लोहे का रॉड और आरी ब्लेड बरामद किया है। पुलिस ने 12 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।