रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार बेटियों की शिक्षा और आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए नोनी सुरक्षा योजना चला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले पात्र परिवारों की बालिकाओं के नाम LIC में निवेश किया जाता है। निर्धारित शर्तें पूरी होने पर बालिका को 18 वर्ष की आयु पूरी करने और 12वीं पास करने के बाद एक लाख रुपये की परिपक्वता राशि देने का प्रावधान है।
पांच साल तक जमा होते हैं 5-5 हजार रुपये
योजना के तहत पात्र बालिका के नाम पर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में लगातार पांच वर्षों तक हर साल 5,000 रुपये जमा किए जाते हैं। इस तरह कुल 25 हजार रुपये का निवेश होता है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, बालिका के 18 वर्ष पूरे होने, अविवाहित रहने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर एक लाख रुपये की राशि उसके बैंक खाते में दी जाती है।
बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, बाल विवाह पर रोक लगाने, बाल लिंगानुपात में सुधार और बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
कई परिवारों को मिल रहा लाभ
राजनांदगांव की नव्या वैष्णव, सरगुजा की आंचल राजवाड़े और खिरमेन यादव सहित कई बालिकाओं को इस योजना से जोड़ा गया है। कुछ परिवारों ने बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में भी बचत शुरू की है।
योजना की पात्रता, आवेदन और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी के लिए नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र या महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क किया जा सकता है।