पेंड्रा में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में नाराजगी, मंच पर कुर्सी और स्वागत में नाम नहीं मिलने पर विवाद

प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक प्रणव मरपच्ची ने मंच से मांगी माफी, कार्यकर्ताओं के सम्मान को बताया सर्वोपरि

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान नेताओं की नाराजगी सामने आई। इंदिरा उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर बैठने की व्यवस्था और स्वागत सूची में नाम शामिल नहीं होने को लेकर कुछ स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई।

समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ नेताओं को मंच पर जगह नहीं मिली। वहीं, स्वागत के समय नाम नहीं लिए जाने से भी असंतोष बढ़ गया।

नाराज नेताओं का कहना था कि वे लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। कुछ कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के पुराने और समर्पित नेताओं की अनदेखी बताया।

मंत्री और विधायक ने मांगी माफी

कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आने के बाद प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक प्रणव मरपच्ची ने मंच से व्यवस्था में हुई चूक के लिए खेद जताया और माफी मांगी। दोनों नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और सभी का सम्मान सर्वोपरि है।

कुर्सी और सम्मान को लेकर चर्चा

दीपावली मिलन समारोह का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के बीच मेल-मिलाप और खुशियां बांटना था, लेकिन मंच और स्वागत की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद ने कार्यक्रम की चर्चा का रुख बदल दिया। इस घटना के बाद जिले में भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।