कांकेर में नेशनल हाईवे-30 पर सड़क हादसा, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत; गोवर्धन पूजा देखकर लौट रहे थे घर

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चारामा थाना क्षेत्र के जैसाकरा के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की खबर मिलते ही चारामा नगर में शोक का माहौल है।

जैसाकरा के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्त गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम देखने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-30 पर जैसाकरा के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और परिचितों में मातम छा गया। एक साथ दो दोस्तों की मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पेंड्रा में भी बाइक सवार युवक-युवती की हुई थी मौत

कुछ दिन पहले पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर के पास तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी।

मृतक युवक की पहचान घाटबहरा के खुसरोपारा निवासी मुकेश पोर्ते के रूप में हुई थी, जबकि युवती दुलरिया बस्ती की रहने वाली थी।

वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पेंड्रा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हार्वेस्टर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।