सुकमा के किसान परिवारों के 6 बच्चों ने रचा इतिहास, 2 बनेंगे डॉक्टर और 4 ने हासिल किया इंजीनियरिंग में दाखिला

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के ग्रामीण इलाकों से सफलता की प्रेरक कहानी सामने आई है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच किसान परिवारों के छह विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में कामयाबी हासिल की है। इनमें दो विद्यार्थियों का चयन मेडिकल कॉलेजों में MBBS के लिए हुआ है, जबकि चार ने इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश लिया है।

विद्यार्थियों की इस सफलता में जिला प्रशासन की निःशुल्क ‘क्षितिज’ कोचिंग की अहम भूमिका रही। इस पहल के जरिए दूरस्थ इलाकों के बच्चों को अपने जिले में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिला।

दो विद्यार्थियों को मिला MBBS में प्रवेश

चिंगावरम की रहने वाली साक्षी माड़वी ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर में MBBS में प्रवेश लिया है।

वहीं, कोर्रा निवासी आशीष कुंजाम का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज, दंतेवाड़ा में हुआ है। आशीष के पिता का निधन हो चुका है और उनका परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और डॉक्टर बनने की दिशा में सफलता हासिल की।

दोनों विद्यार्थियों ने भविष्य में डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की इच्छा जताई है।

चार विद्यार्थियों ने इंजीनियरिंग में बनाई जगह

इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भी सुकमा के विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। सुनील कुमार का चयन सीएसआईटी रायपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए हुआ है।

इसके अलावा मनीता नाग ने सीएसआईटी जगदलपुर में सिविल इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया है। गगन करतामी ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन और कृष्णा दिरदो ने कंप्यूटर साइंस एंड एआई में दाखिला हासिल किया है।

कलेक्टर ने मोबाइल फोन देकर किया सम्मानित

छह विद्यार्थियों की उपलब्धि पर मंगलवार को कलेक्टर अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट में उनसे मुलाकात की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगे भी मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कलेक्टर ने सभी छह विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप सैमसंग के आधुनिक मोबाइल फोन दिए, ताकि उच्च शिक्षा के दौरान उन्हें तकनीकी संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े।

आर्थिक तंगी से नहीं रुकना चाहिए किसी का सपना

कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि ‘क्षितिज’ कोचिंग का उद्देश्य जिले के दूरस्थ और अंतिम छोर पर रहने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के समान अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि कोई भी होनहार विद्यार्थी आर्थिक तंगी या संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिला प्रशासन युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुकमा के इन छह विद्यार्थियों की सफलता जिले में बदलते शैक्षणिक माहौल की तस्वीर भी पेश करती है। यह उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर दूरस्थ गांवों से भी डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना पूरा किया जा सकता है।