रायगढ़। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में होने वाले इस कार्यक्रम में एक से सवा लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों का जायजा लेने भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी बुधवार को रायपुर पहुंचीं। यहां से वे धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी।
आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगी स्मृति ईरानी
स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ में समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगी। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा भी करेंगी।
आयोजन को लेकर सुबह 10 बजे जनपद सभागार में महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
कई जिलों के जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
बैठक में मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप और ओपी चौधरी के साथ सांसद राधेश्याम राठिया और देवेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कोरबा, जशपुर और सरगुजा समेत आसपास के जिलों के विधायक और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
एक से सवा लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
15 नवंबर को होने वाले समारोह में जनजातीय समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा है। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में एक से सवा लाख लोग शामिल होंगे।
आयोजन के बेहतर समन्वय और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी के लिए मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप और सांसद राधेश्याम राठिया को समन्वयक बनाया गया है।