दीपावली पर राजनांदगांव पुलिस की पहल, बाल आश्रय और वृद्धाश्रम पहुंचकर बच्चों-बुजुर्गों के साथ बांटी खुशियां

राजनांदगांव। दीपावली के मौके पर राजनांदगांव पुलिस ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। पुलिस अधिकारी बाल आश्रय गृह और वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की, हालचाल जाना और आत्मीय बातचीत कर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुआ आयोजन

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर उन लोगों के बीच खुशियां बांटना था, जो अपने परिवार से दूर आश्रय गृहों में रह रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनकी जरूरतों तथा कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों की इस पहल से आश्रय गृहों में रहने वाले लोगों के बीच दीपावली का उत्साह और बढ़ गया।

अधिकारियों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ बिताया समय

इस अवसर पर सीएसपी आदित्य कुमार (आईपीएस), डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी केके वाजपेयी, आरआई लोकेश कुमार, इंस्पेक्टर उपेंद्र शाह और इंस्पेक्टर कैलाश मराई मौजूद रहे।

सभी अधिकारियों ने बच्चों और बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ त्योहार के यादगार पल बिताए।

राजनांदगांव पुलिस की इस पहल के जरिए सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि त्योहार की खुशियां बांटने से ही उसका महत्व और बढ़ जाता है।