धमतरी में जुए के अड्डों पर पुलिस की कार्रवाई, 72 घंटे में 48 आरोपी गिरफ्तार; 3.29 लाख रुपये जब्त

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने तीन दिन तक विशेष अभियान चलाया। 8 से 10 नवंबर के बीच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने 48 जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 29 हजार 320 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं।

पुलिस ने शहर के साथ ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों में भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जुए के फड़ों पर कार्रवाई की गई।

पहले दिन 20 जुआरी गिरफ्तार

8 नवंबर को भखारा, सिहावा, कोतवाली और अर्जुनी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई की। जोरातराई थूहा रोड, पचपेड़ी बाजार, छिंदापुर चौपाल, टिकरापारा और तरसियों गौठान सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई।

इस दौरान 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 9,400 रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद हुईं।

दूसरे दिन पांच ठिकानों पर छापेमारी

9 नवंबर को चौकी बिरेझर, थाना भखारा और सिहावा की संयुक्त टीमों ने पांच स्थानों पर कार्रवाई की। इनमें चरोद रंगमंच, उमरगांव, देवरी बाजार चौक, भेलवाकूद्रा और बिरगुड़ी शामिल हैं।

इस कार्रवाई में 21 जुआरी पकड़े गए। उनके कब्जे से 10,570 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, बिरेझर क्षेत्र में पकड़े गए आरोपियों में रायपुर जिले के अभनपुर और दुर्ग जिले के लोग भी शामिल थे।

तीसरे दिन सोरिद नगर में बड़ी कार्रवाई

10 नवंबर को सिटी कोतवाली क्षेत्र के सोरिद नगर स्थित डीपो पारा रोड पर पुलिस ने एक जुआ फड़ पर दबिश दी। यह कार्रवाई भोला साहू के घर के पास चबूतरे पर की गई।

पुलिस ने यहां से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें पुरुषोत्तम महावर, उमेश देवांगन, भोलाराम साहू, कमलेश गोयल, मनीष उर्फ मनोज राठी, गोपाल उर्फ छोटू साहू और संतोष शर्मा शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से कुल 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नकद जब्त किए। इसमें फड़ से मिले 2 लाख 350 रुपये और आरोपियों के पास से बरामद 1 लाख 9 हजार रुपये शामिल हैं।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।