जशपुर में मां की हत्या का आरोप, शराब के नशे में बेटे ने अधजले डंडे से किया हमला

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में 22 वर्षीय युवक ने शराब के नशे में अपनी मां पर लकड़ी के अधजले डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

खाना मांगने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 7 नवंबर की रात की है। आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शराब पीकर घर पहुंचा था। घर में खाना निकालकर खाने की बात को लेकर उसकी मां से विवाद हो गया।

कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

बीच-बचाव करने आई बहन से भी मारपीट

मां को बचाने के लिए आरोपी की बहन बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन युवक ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई को धमकाया और घटनास्थल से फरार हो गया।

परिजनों और अन्य लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।