सीतापुर: छत्तीसगढ़ के सीतापुर में आबकारी विभाग ने ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई कर करीब छह लाख रुपये की नशीली दवाएं जब्त की हैं। मामले में संजय विश्वकर्मा नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कथित मुख्य आरोपी अनमोल गुप्ता की तलाश जारी है।
आबकारी विभाग के मुताबिक, संभागीय उड़नदस्ता टीम तपेश्वरी गोड़ा मैदान में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक बोरी लेकर जाता दिखा। टीम को देखकर उसके भागने पर कर्मचारियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
बोरी की तलाशी में 14,144 स्पास्मो प्रॉक्सिवन प्लस कैप्सूल, 880 नाइट्रोसम टैबलेट, 1,110 एलप्रास टैबलेट और 20 ओनरेक्स कफ सिरप मिले।
विभाग का कहना है कि पूछताछ में संजय ने कथित तौर पर अनमोल गुप्ता के लिए काम करने और झारखंड के गढ़वा से दवाएं लाने की बात कही। मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला।
आबकारी विभाग ने संजय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) और 22(c) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है।