CG Weather: शीतलहर की चपेट में छत्तीसगढ़, अंबिकापुर में ठंड से पहली मौत की आशंका; बिलासपुर-दुर्ग में भी बढ़ी ठिठुरन

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में उत्तरी सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। सरगुजा संभाग में शीतलहर जैसे हालात हैं। इसी बीच अंबिकापुर में गांधी स्टेडियम के सामने जन औषधि केंद्र के बाहर एक युवक का अकड़ा हुआ शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि खुले में सोने के दौरान ठंड लगने से उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह जन औषधि केंद्र के बाहर युवक का शव मिला। बताया जा रहा है कि युवक ने गर्म कपड़े नहीं पहने थे और रात में दुकान के सामने खुले में सोया था। सरगुजा संभाग में ठंड से मौत की यह पहली आशंका जताई जा रही है।

तीन दिन में 7.8 डिग्री गिरा तापमान

उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग के कई इलाकों में रात का तापमान तेजी से गिरा है। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अंबिकापुर में पारा 11.4 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं मैनपाट, सामरी और बलरामपुर के कुछ इलाकों में तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच बना हुआ है।

बलरामपुर प्रदेश में सबसे ठंडा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। पेंड्रारोड में पारा 10.8 डिग्री रहा।

मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ी है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। वहीं बिलासपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 14.6 और अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले पांच दिन तापमान स्थिर रहने के आसार

ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और सुबह की धूप का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर बना रह सकता है।