कोरबा में बनेंगे पांच नए पुल, 40 गांवों की 3 लाख आबादी को मिलेगी राहत; 450 किमी का सफर घटेगा

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नदी और नालों के कारण प्रभावित ग्रामीण संपर्क को बेहतर बनाने के लिए सेतु निगम ने आठ स्थानों को चिह्नित किया है। इनमें से पांच जगहों पर पुल निर्माण के प्रस्ताव नए वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल करने के लिए शासन को भेजे गए हैं।

इन पुलों के बनने से करीब 40 गांवों की तीन लाख आबादी को फायदा मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, ग्रामीणों को अभी करीब 450 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जो पुल बनने के बाद घटकर लगभग 210 किलोमीटर रह सकती है।

कसरेंगा-छुरी पुल से दूरी होगी आधी

अहिरन नदी पर कसरेंगा से छुरी के बीच प्रस्तावित पुल बनने से हरदीबाजार और दीपका क्षेत्र सीधे अजगरबहार तहसील से जुड़ जाएंगे। फिलहाल 60 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है, जो घटकर 30 किलोमीटर रह जाएगा।

गोपालपुर-नवापारा के बीच नरसिंहगंगा नाला पर पुल बनने से पाली से कटघोरा की दूरी भी 50 से घटकर करीब 20 किलोमीटर हो जाएगी।

इसके अलावा लहरापारा-कुंभीपानी और लोड़ीबहरा-मातिन के बीच भी पुल प्रस्तावित हैं।

पांच साल से अधूरा है पहुंच मार्ग

कटघोरा के भैरोताल-कपाटमुड़ा पुल को स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ है। वहीं, झोरा पुल पांच साल पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन एप्रोच रोड नहीं बनने से ग्रामीण इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।

सेतु निगम के कार्यपालन अभियंता एमएम ओहदार ने बताया कि पांच पुलों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा।